दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के शिवराज सिंह नगर (नई बस्ती) में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान हेमंत बेन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर की गई शिकायत के बाद पुरानी रंजिश के चलते यह घटना हुई। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले हेमंत का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला लगातार तनावपूर्ण बना हुआ था।
परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन चार लोग अचानक हेमंत के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बीच-बचाव करने आए परिवार के सदस्यों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इसी दौरान आरोपियों ने जबरदस्ती हेमंत को जहरीला पदार्थ पिला दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी और परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शिकायत के बाद ही विवाद बढ़ा था और जानबूझकर बदला लिया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Tags
jabalpur


.jpeg)