दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित नंदनवन कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसे में 4 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची अपने दादा-दादी और अन्य बच्चों के साथ कार से वर्कशॉप गई थी। लौटते समय वह कार में ही सो गई और परिजनों का ध्यान उस पर नहीं गया। घंटों बाद बच्ची कार में बेसुध हालत में मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृत बच्ची का नाम हाजरा है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे परिवार के लोग वर्कशॉप से घर लौटे थे। इस दौरान सभी लोग कार से उतर गए, लेकिन हाजरा गाड़ी में ही सोती रह गई। काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में कार में देखने पर वह अचेत अवस्था में मिली।
जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि निजी अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दम घुटने और कार के अंदर ऑक्सीजन की कमी से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिवार के परिचितों के अनुसार, हाजरा को कहीं भी सो जाने की आदत थी। इसी वजह से कार से उतरते समय किसी का ध्यान नहीं गया कि वह अंदर ही रह गई है। तेज गर्मी के कारण बंद कार का तापमान काफी बढ़ गया, जिससे बच्ची की हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। हाजरा अपने माता-पिता की तीन संतानों में दूसरी बेटी थी। उसके पिता लोहा कारोबारी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घर के बाहर लोगों का आना-जाना लगा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Tags
madhya pradesh
