MP News: कटनी में प्राचार्य पर महिलाकर्मी से दुर्व्यवहार का आरोप, जांच के बाद अटैच; पीड़िता बोली- सिर्फ खानापूर्ति, बर्खास्त करो

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। सांदीपनि शासकीय विद्यालय के प्राचार्य हेमराज कारपेंटर पर महिला कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि प्राचार्य उस पर अनैतिक संबंध बनाने के लिए मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहे थे। मामले की शिकायत के 14 दिन बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर आरोपी प्राचार्य को बहोरीबंद उत्कृष्ट विद्यालय में अटैच कर दिया है।

हालांकि इस कार्रवाई से पीड़िता संतुष्ट नहीं है। उसने इसे केवल खानापूर्ति बताते हुए आरोपी प्राचार्य को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, रीठी के सांदीपनि शासकीय विद्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारी ने 4 मई को कटनी कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि प्राचार्य हेमराज कारपेंटर लगातार उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहे थे। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच दल गठित किया गया था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने कार्रवाई करते हुए प्राचार्य हेमराज कारपेंटर को रीठी से हटाकर बहोरीबंद उत्कृष्ट विद्यालय में संबद्ध कर दिया। वहीं विद्यालय का प्रभार राम मनोज साहू को सौंपा गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश अग्रहरी ने बताया कि महिला कर्मचारी की शिकायत पर जांच कराई गई थी। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को अटैच किया गया है ताकि विद्यालय की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।

वहीं पीड़िता का कहना है कि आरोपी पर केवल अटैचमेंट जैसी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उसने कहा कि जिस व्यक्ति ने महिला कर्मचारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया, वह भविष्य में छात्राओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। ऐसे आरोपी को तत्काल सेवा से बर्खास्त कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post