दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला ने सोशल मीडिया पर अभिनेत्रियों के बीच होने वाली तुलना और इंटरनेट पर चलने वाले फैन वॉर को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई एक विवादित फोटो वायरल हो रही थी, जिसमें उर्वशी सहित बॉलीवुड की कई बड़ी फीमेल स्टार्स के स्टारडम की आपस में तुलना की गई थी। इस फोटो में अभिनेत्रियों को एक-दूसरे से कमतर और झुका हुआ दिखाए जाने पर उर्वशी ने कड़ा रुख अपनाया है और इसे बेहद टॉक्सिक (जहरीला) करार दिया है।इंटरनेट पर वायरल हो रही इस एआई फोटो में ऐश्वर्या राय को ग्लोबल स्टारडम के टॉप पर दिखाया गया था, जबकि प्रियंका चोपड़ा एक सिंहासन पर बैठी थीं और उनके पास दीपिका पादुकोण व माधुरी दीक्षित खड़ी थीं। वहीं दूसरी ओर, आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ, करीना कपूर और उर्वशी रौतेला को उनके नीचे घुटनों के बल बैठा हुआ दिखाया गया था। फोटो में सभी अभिनेत्रियों के नाम भी बकायदा टैग किए गए थे।
उर्वशी रौतेला ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर इस फोटो का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि मेरा मानना है कि हर एक्ट्रेस का अपना एक अलग सफर, कड़ी मेहनत और किस्मत होती है। महिलाओं की आपस में इस तरह तुलना करने या फैन वॉर कराने से समाज में सिर्फ नेगेटिविटी फैलती है। इसकी जगह हमें कलाकारों के टैलेंट, ग्रोथ और दयालुता का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने फैंस से भावुक अपील करते हुए कहा कि कृपया इस तरह की टॉक्सिसिटी को तुरंत बंद करें और सभी कलाकारों के काम की सराहना करना सीखें।
यह पूरा विवाद ऐसे समय पर सामने आया है जब उर्वशी रौतेला इन दिनों फ्रांस में आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 (Cannes Film Festival 2026) का हिस्सा हैं। यह लगातार पांचवां साल है जब उर्वशी इस इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। रेड कारपेट पर वियतनामी डिजाइनर लेबल जोलीपोली कूटूर के लैवेंडर शेड गाउन और योलांड ऑफिशियल के ब्लैक वेलवेट गाउन में उनके लुक्स की काफी चर्चा हो रही है। इस दौरान मीडिया प्लेटफॉर्म 'ब्रूट' से बात करते हुए उर्वशी भावुक भी हो गईं और कहा कि जब भी मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व करती हूं, तो मैं सिर्फ उर्वशी नहीं रह जाती, बल्कि मैं इंडिया बन जाती हूं और मुझे इस बात पर बेहद गर्व है।
गौरतलब है कि कांस फिल्म फेस्टिवल में भारत की ओर से ऐश्वर्या राय, दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां भी शामिल होती रही हैं। ऐश्वर्या राय जहां पिछले दो दशकों से अधिक समय से लोरियल पेरिस की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर के रूप में रेड कारपेट पर भारत का गौरव बढ़ा रही हैं, वहीं आलिया भट्ट भी दूसरी बार लोरियल की ब्रांड एंबेसडर के तौर पर कांस पहुंची हैं। इसके अलावा दीपिका पादुकोण भी कई बार कांस का हिस्सा रहने के साथ-साथ साल 2022 में इस फेस्टिवल की मुख्य कॉम्पिटिशन जूरी में शामिल होकर वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
Tags
national
