Jabalpur News: सदर के व्यापारी से ₹3 लाख की ठगी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के सदर क्षेत्र के एक नामी व्यापारी से करीब ₹2 लाख 90 हजार ऐंठने के बाद भी माल नहीं भेजने पर कैंट थाना पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत स्थित 'एवर होम एप्लाइंसेस' कंपनी के संचालक ऋषभ जौहर के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है। गौरतलब है कि इस ठग कंपनी और उसके संचालक के खिलाफ जबलपुर के ही ओमती थाने में पहले से एक और एफआईआर दर्ज है, जिसके बाद अब पुलिस ने दोनों मामलों को मिलाकर कंपनी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

कैंट थाना पुलिस के अनुसार, राजीव गांधी नगर निवासी सौरभ मुक्ता की सदर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। कुछ समय पहले उनकी मुलाकात विजय नगर निवासी रूपेन्द्र श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को एवर होम एप्लाइंसेस कंपनी का रीजनल मैनेजर बताया था। रूपेन्द्र ने सौरभ को अपनी बातों में फंसाकर कंपनी से जोड़ने का झांसा दिया और बकायदा कंपनी के आधिकारिक ईमेल आईडी से एक ऑफर लेटर भी भिजवाया। इस ऑफर और झांसे में आकर व्यापारी सौरभ मुक्ता ने दुकान के लिए एलईडी टीवी मंगाने के इरादे से कंपनी के बैंक खाते में ₹2,90,000 की रकम जमा कर दी। लेकिन भुगतान होने के बाद कई दिन बीत जाने पर भी न तो कंपनी की तरफ से टीवी की कोई खेप पहुंची और न ही उनकी रकम वापस की गई। जब पीड़ित व्यापारी ने पहले रीजनल मैनेजर रूपेन्द्र और फिर मुख्य संचालक ऋषभ जौहर से संपर्क साधने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके फोन कॉल उठाना पूरी तरह बंद कर दिए, जिसके बाद पीड़ित ने कैंट थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस शातिर कंपनी ने शहर के तुलाराम चौक पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले सराफा वार्ड निवासी रीतेश जैन को भी अपना शिकार बनाया था। रीतेश जैन ने शुरुआत में भरोसा कायम करने के लिए कंपनी को ₹47,000 भेजे थे, जिसके बदले कंपनी ने उन्हें 5 एलईडी टीवी की डिलीवरी दे दी। जब रीतेश का भरोसा बढ़ गया, तो उन्होंने 6 मई को कंपनी को ₹2,16,000 का एक और बड़ा भुगतान कर दिया, लेकिन यह रकम मिलते ही कंपनी संचालक ने माल भेजने के बजाय अपने फोन बंद कर लिए। ओमती और कैंट पुलिस अब संयुक्त रूप से इस पूरे रैकेट की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है ताकि पीड़ित व्यापारियों की डूबी रकम बरामद की जा सके और सोनीपत के जालसाज संचालक को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post