दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत करिया पाथर इलाके में एक बदमाश ने सरेराह एक युवक को रोककर पहले उसके भाई के बारे में पूछताछ की और फिर शराब पीने के लिए ₹500 की मांग की। युवक द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, करिया पाथर स्कूल के पीछे हनुमानताल निवासी रोहित सोनकर (31 वर्ष) ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 9:30 बजे वह करिया पाथर स्कूल के गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान इलाके का रहने वाला अमित अहिरवार अचानक उसके पास आया और रोहित के भाई राहुल के बारे में पूछताछ करने लगा। जब रोहित ने उससे कहा कि उसे राहुल के बारे में कोई जानकारी नहीं है, तो अमित इसी बात पर अड़ गया और विवाद करने लगा। बात ही बात में आरोपी अमित ने रोहित से शराब पीने के लिए ₹500 की मांग शुरू कर दी। रोहित ने जब बिना किसी डर के पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी पूरी तरह तैश में आ गया और सरेराह गंदी-गंदी गालियां देने लगा।
जब पीड़ित रोहित सोनकर ने उसे गाली देने से मना किया, तो आरोपी अमित अहिरवार ने अपने पास छिपाकर रखा हुआ धारदार चाकू निकाला और रोहित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से रोहित की दाढ़ी (चेहरे) पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और वहां खून फैल गया। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग पीड़ित की मदद के लिए दौड़ पड़े, तो आरोपी अमित अहिरवार रोहित को दोबारा सामने आने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से भाग निकला। घायल पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
Tags
jabalpur
