दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पाटन पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और नगद 25 हजार रुपए जब्त किए हैं।
पकड़े गए आरोपियों में सौरभ उर्फ प्रेमनारायण रजक निवासी चौधरी मोहल्ला पाटन, गोलू उर्फ तुलसीराम पटेल तथा बब्लू उर्फ शैलेन्द्र सोनी शामिल हैं। इनमें सौरभ चोरी करने वाला, गोलू चोरी का सामान बिकवाने वाला और शैलेन्द्र सोनी चोरी का सामान खरीदने वाला बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
भंडारा से लौटे परिवार को टूटी मिली अलमारी
थाना पाटन में चौपाटी वार्ड निवासी पलक पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 मई की रात वह परिवार के साथ ग्वारीघाट भंडारा में गई थीं। रात करीब 1:40 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और दो युवक भागते दिखाई दिए।
घर की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखे 55 हजार रुपए नगद, चांदी की चेन, अंगूठी और ब्रेसलेट गायब थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुली दूसरी चोरी की वारदात
तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पुलिस ने संदेही सौरभ रजक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए नगद राशि और जेवर घर में छिपाकर रखना बताया।
पूछताछ में उसने 25 अप्रैल को विवेक बबेले निवासी पाटन के घर में भी चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वहां से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी के सिक्के चोरी किए थे, जिन्हें गोलू उर्फ तुलसीराम के माध्यम से बब्लू उर्फ शैलेन्द्र सोनी को बेच दिया गया था।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी सौरभ की निशानदेही पर उसके घर से चांदी की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और 25 हजार रुपए नगद जब्त किए। वहीं आरोपी शैलेन्द्र सोनी के कब्जे से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और तीन चांदी के सिक्के बरामद किए गए।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से गोलू और शैलेन्द्र सोनी को जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी सौरभ रजक को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सौरभ ने पाटन क्षेत्र में चार अन्य चोरियां करना भी स्वीकार किया है।
Tags
jabalpur
.jpeg)