Jabalpur News: तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर भड़के आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी, 1 जून से हड़ताल की चेतावनी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में देरी और विभिन्न अनियमितताओं को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा शहरी क्षेत्र के नोडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या समाधान की मांग की है।

म.प्र. संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को उपलब्ध कराने वाली आउटसोर्स एजेंसियां सिग्मा इंफोटेक भोपाल और प्रकाश सिक्योरिटी ग्वालियर लगातार वेतन भुगतान में लापरवाही कर रही हैं।

ज्ञापन के अनुसार अप्रैल 2025 से कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिल रहा है और तीन से चार माह पूरा होने के बाद केवल एक माह का भुगतान किया जाता है। कर्मचारियों ने बताया कि मार्च 2026 से अब तक किसी भी कर्मचारी को वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।

ईपीएफ, ईएसआईसी और अनुभव प्रमाण पत्र नहीं देने का आरोप

संघ ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से मार्च 2025 तक कार्यरत कर्मचारियों को नियुक्ति आदेश, एरियर भुगतान और अनुभव प्रमाण पत्र तक उपलब्ध नहीं कराए गए। साथ ही वर्ष 2024-25 और 2025-26 का ईपीएफ और ईएसआईसी का लाभ भी कर्मचारियों को नहीं दिया गया।

कर्मचारियों का कहना है कि एजेंसियों से इस संबंध में जानकारी मांगने पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता।

कर्मचारियों ने बताई आर्थिक बदहाली

ज्ञापन में बताया गया कि लगातार वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। कई कर्मचारियों के पास ड्यूटी पर आने के लिए किराया और पेट्रोल तक के पैसे नहीं बचे हैं। बच्चों की फीस और पढ़ाई का खर्च उठाना भी मुश्किल हो गया है।

संघ ने बताया कि जिले में करीब 250 आउटसोर्स कर्मचारी कार्यरत हैं, जो वर्तमान स्थिति से बेहद परेशान हैं।

30 मई तक वेतन नहीं मिला तो होगी हड़ताल

संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने प्रशासन से मांग की है कि 30 मई तक कम से कम तीन माह का लंबित वेतन भुगतान कराया जाए।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय सीमा तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 1 जून 2026 से सभी आउटसोर्स कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post