Jabalpur News: “सड़क कब बनेगी?” सवाल पर पार्षद बोले- प्रतिनिधि से पूछिए, ऑडियो वायरल ; विकास कार्याें की जानदारी देने पार्षद ने नियुक्त किया प्रतिनिधि

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के संत रविदास वार्ड में सड़क, नाली और गंदगी की समस्या को लेकर रहवासी और पार्षद के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ऑडियो में वार्डवासी विकास कार्यों का हिसाब मांगता सुनाई दे रहा है, जबकि पार्षद उसे अपने प्रतिनिधि से जानकारी लेने की बात कह रहे हैं।

मामला वार्ड क्रमांक 77 का है, जहां भाजपा समर्थित पार्षद योगेंद्र उइके ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए एक प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

सड़क और नाली नहीं बनने पर भड़का रहवासी

जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी बंटी सोनी ने पार्षद को फोन कर घर के सामने सड़क और नाली नहीं बनने पर नाराजगी जताई। उसने सवाल किया कि कार्यकाल के करीब पांच साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में आखिर क्या विकास कार्य हुए। इस पर पार्षद योगेंद्र उइके ने जवाब दिया कि कई फाइलें नगर निगम में लंबित हैं और मंजूरी मिलते ही काम शुरू करा दिए जाएंगे। जब रहवासी ने विस्तार से जानकारी मांगी तो पार्षद ने उसे अपने प्रतिनिधि कुणाल पटेल से संपर्क करने को कहा। ऑडियो में युवक यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि जनता ने वोट पार्षद को दिया है, इसलिए जवाब भी पार्षद को ही देना चाहिए।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो

पार्षद और रहवासी के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में लंबे समय से सड़क, नाली और सफाई जैसी मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं।

पार्षद बोले- प्रतिनिधि देख रहे कामकाज


मामले में पार्षद योगेंद्र उइके का कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्य बेहतर तरीके से संचालित हों, इसके लिए पूर्व मंडल अध्यक्ष कुणाल पटेल को पार्षद प्रतिनिधि बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वार्ड में कई विकास कार्य हुए हैं और उनकी पूरी जानकारी प्रतिनिधि के पास उपलब्ध है।

प्रतिनिधि ने कहा- दोस्ती के नाते मिली जिम्मेदारी

पार्षद प्रतिनिधि कुणाल पटेल ने बताया कि वे पहले मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्षद से उनकी पुरानी दोस्ती है। इसी कारण उन्हें वार्ड के कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से शिकायत आई है, वहां निर्माण कार्य प्रस्तावित है, लेकिन गर्मी के कारण फिलहाल निर्माण कार्यों पर रोक लगी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का पूरा रिकॉर्ड नगर निगम के लोक निर्माण विभाग से प्राप्त किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post