Jabalpur News: प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने बीच सड़क पर जोड़े को पीटा, पति का सिर फूटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों ने बीच सड़क पति-पत्नी के साथ मारपीट कर दी। हमले में युवक घायल हो गया, जिसके सिर से खून निकलने लगा। 

पुलिस के अनुसार गुरंदी निवासी 24 वर्षीय सुमित सोनकर, जो सब्जी व्यवसाय करता है, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसने घमापुर चौक चंपालाल का बाड़ा, बेलबाग निवासी अंशिका सोनकर से सदर काली मंदिर में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से अंशिका के घर वाले नाराज चल रहे थे।

सुमित ने बताया कि रविवार शाम करीब 5:30 बजे वह अपनी पत्नी अंशिका के साथ भरतीपुर गुरंदी बाजार स्थित घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों न्यू मछली मार्केट के सामने पहुंचे, वहां पहले से मौजूद शुभम सोनकर और रिंकू सोनकर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अंशिका के साथ मारपीट करने लगे।

जब सुमित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसी दौरान शुभम ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से सुमित के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना देख रौनक और राजदीप बचाने पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

ओमती थाना पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post