Jabalpur News: चाय पीने के दौरान हुई बहस, दो युवकों ने रास्ते में घेरकर मारा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गढ़ा अंतर्गत मेडिकल क्षेत्र में चाय पीने के दौरान दो पक्षों में हुआ मामूली विवाद देर रात जानलेवा हमले में बदल गया। दो युवकों ने एक 19 वर्षीय युवक को फोन करके रास्ते में रोका और फिर पीठ पर थप्पड़ मारने के साथ ही उसके सीने पर चाकू जैसी नुकीली चीज से हमला कर लहूलुहान कर दिया।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धनगर संजय गांधी गढ़ा निवासी 19 वर्षीय नील रजक, जो पेशे से प्लंबर हैं, उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। नील ने बताया कि देर रात वह मेडिकल क्षेत्र में चाय पीने गया था। वहीं पर उसकी मुलाकात राज चक्रवर्ती नाम के युवक से हुई। चाय पीने के दौरान ही किसी बात को लेकर नील और राज के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद नील अपने घर के लिए रवाना हो गया। नील अभी रास्ते में ही था कि आरोपी राज चक्रवर्ती ने उसे फोन किया और गढ़ा स्थित छोटे जैन मंदिर के पास रुकने के लिए कहा। 

राज के कहने पर नील वहां रुक गया। रात करीब 1:25 बजे राज चक्रवर्ती अपने साथी सुम्मि के साथ वहां पहुंचा और आते ही नील से दोबारा विवाद करने लगा। विवाद के दौरान ही आरोपी राज ने नील की पीठ पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया, वहीं उसके साथी सुम्मि ने अपने पास रखी चाकू जैसी किसी नुकीली चीज से नील पर हमला कर दिया। यह हमला नील के सीने पर बाईं तरफ लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी नील को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। जख्मी हालत में पीड़ित नील रजक गढ़ा थाना पहुंचा और आपबीती सुनाई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राज चक्रवर्ती और सुम्मि के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post