दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले के मझौली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के दौरान एक गर्भवती महिला के साथ हुई कथित मारपीट ने मानवता को झकझोर कर रख दिया। आरोप है कि पड़ोसी रिश्तेदार ने चार माह की गर्भवती महिला के पेट पर लात मार दी, जिससे गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। करीब 13 दिन तक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज कराने के बाद पीड़िता सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मझौली निवासी ज्योति साहू और उनके पति अतुल साहू का अपने रिश्तेदार विजय साहू के परिवार से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। 13 जून को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अतुल साहू के मुताबिक, बंटवारे के बाद बची करीब 30 वर्गफीट जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इस दौरान धक्का-मुक्की में विजय साहू घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अतुल जबलपुर लेकर चले गए।
अतुल का आरोप है कि उनके जाने के बाद उनकी पत्नी ज्योति घर पर अकेली थीं। इसी दौरान मामी और उनके बेटे दुर्गेश साहू ने उनके साथ मारपीट की और पेट पर लात मार दी। सूचना मिलते ही वह वापस पहुंचे तो पत्नी जमीन पर दर्द से तड़प रही थी। उसे तत्काल मझौली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि महिला के गर्भ में पल रहे चार माह के शिशु की मौत हो चुकी है। महिला 13 जून से 25 जून तक अस्पताल में भर्ती रही।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़िता दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। वह रोते हुए कहती है, "मैं नहीं बचूंगी मां... मेरे पापा को बुला दो... मेरा बाबू भी नहीं बचेगा..." यह वीडियो घटना की भयावहता को बयां कर रहा है।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता अपने पति के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजू बेनीवाल को आवेदन देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़िता के पति का आरोप है कि मझौली पुलिस ने मामा, मामी और उनके बेटे के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस को घटना का वीडियो भी उपलब्ध कराया, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजू बेनीवाल ने बताया कि मामले में पहले से एफआईआर दर्ज है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की बारीकी से जांच के निर्देश दिए गए हैं।
Tags
jabalpur

