Jabalpur News: बिजली विभाग के दो अफसर 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश विद्युत विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में अतिरिक्त मुख्य अभियंता (सिविल) प्रहलाद मर्सकोले और कार्यपालन यंत्री (सिविल) चंद्रशेखर मेहरा को कुल 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, गुप्तेश्वर निवासी ठेकेदार अशोक कुमार द्विवेदी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने कटनी जिले के बहोरीबंद क्षेत्र में विद्युत विभाग के लिए निर्माण कार्य किया था, जिसका लगभग 10 लाख रुपये का भुगतान लंबित था। आरोप है कि बिल पास कराने के एवज में कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर मेहरा ने 20 हजार रुपये और अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रहलाद मर्सकोले ने 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर मेहरा पहले ही 5 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद ईओडब्ल्यू ने ट्रैप की योजना बनाकर कार्रवाई की।

सोमवार को शिकायतकर्ता अशोक द्विवेदी जब रिश्वत की दूसरी किस्त देने विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे, तभी पहले से तैनात ईओडब्ल्यू की टीम ने छापा मारकर दोनों अधिकारियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रहलाद मर्सकोले के पास से 10 हजार रुपये और कार्यपालन यंत्री चंद्रशेखर मेहरा के पास से 15 हजार रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई।

ईओडब्ल्यू ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post