Jabalpur News: 15 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर होटल गुलजार के संचालक से 9 लाख की ठगी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां प्रसिद्ध होटल गुलजार के संचालक संजय भाटिया से कम ब्याज पर 15 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी कर ली गई है। मुंबई की एक कथित कंसल्टेंसी फर्म के संचालक ने खुद को लोन एक्सपर्ट बताकर इस वारदात को अंजाम दिया। मदनमहल पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होटल गुलजार (महानद्दा, नागपुर रोड) के संचालक संजय भाटिया (61 वर्ष) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, सिल्पेश शिवहरे नाम का व्यक्ति टेंट और कैटरिंग के काम के सिलसिले में उनके होटल में आता-जाता था। वर्ष 2024 में सिल्पेश ने संजय भाटिया की मुलाकात ब्रजेश तिवारी नाम के व्यक्ति से कराई। सिल्पेश ने बताया कि ब्रजेश मुंबई में रहता है और प्राइवेट बैंकों से बहुत कम ब्याज दर पर भारी-भरकम लोन दिलवाने का काम करता है।

15 करोड़ के लोन के बदले मांगी 15 लाख की एडवांस स्टांप ड्यूटी

पीड़ित संजय भाटिया के अनुसार, ब्रजेश तिवारी ने उन्हें झांसे में लेते हुए बताया कि मुंबई में उसकी 'EARTH PROPERTIES AND ESTATE CONSULT MUMBAI' नाम की फर्म है, जिसके जरिए उसने कई लोगों को लोन दिलाए हैं। भाटिया ने अपनी फर्म 'स्वर्णलता इंटरप्राइजेज' के लिए 15 करोड़ रुपये के लोन की आवश्यकता जताई।

इस पर ब्रजेश ने कहा कि लोन मुंबई की 'AT Finvest Private Limited' द्वारा पास कराया जाएगा, लेकिन इसके एवज में 15 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी एडवांस जमा करनी होगी। यह राशि ब्रजेश की फर्म 'अर्थ प्रॉपर्टीज' के कर्नाटक बैंक खाते में ट्रांसफर करने को कहा गया। भरोसा जीतने के लिए ब्रजेश ने अपने पैन कार्ड, आईडी प्रूफ और कंपनी के दस्तावेजों की छायाप्रति भी भाटिया को सौंपी।

किश्तों में ऐंठे 9 लाख रुपये

ब्रजेश और सिल्पेश के झांसे में आकर संजय भाटिया ने अपनी फर्म के एसबीआई (SBI) खाते से जुलाई और अगस्त 2024 के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 9 लाख रुपये NEFT के माध्यम से आरोपी की फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

दिनांकट्रांसफर की गई राशि
12 जुलाई 20241,00,000 रुपये
29 जुलाई 20241,00,000 रुपये
30 जुलाई 20241,00,000 रुपये
10 अगस्त 20243,00,000 रुपये
14 अगस्त 20243,00,000 रुपये
कुल राशि9,00,000 रुपये

पैसे मिलने के बाद आरोपी ब्रजेश तिवारी ने भाटिया के व्हाट्सएप पर फाइनेंस कंपनी का एक 'शॉर्ट टर्म एग्रीमेंट' भेजा और उस पर साइन करके बाकी के 6 लाख रुपये तुरंत भेजने का दबाव बनाया।

बिचौलिए को भी नहीं छोड़ा, उससे भी ठगे ₹3.50 लाख

लगातार पैसों की मांग होने पर संजय भाटिया को शंका हुई और उन्होंने बाकी के 6 लाख रुपये नहीं भेजे। जब उन्होंने बिचौलिए सिल्पेश शिवहरे से बात की, तो पैर तले जमीन खिसक गई। सिल्पेश ने बताया कि लोन दिलाने के नाम पर ब्रजेश तिवारी ने उससे भी 3.50 लाख रुपये ऐंठ लिए हैं और अब वह उसका फोन भी नहीं उठा रहा है। इसके बाद जब भाटिया ने ब्रजेश से अपने 9 लाख रुपये वापस मांगे, तो उसने साफ मना कर दिया।

जबलपुर आते ही दर्ज हुई एफआईआर

बीते दिनों 8 मई 2026 को आरोपी ब्रजेश तिवारी के जबलपुर आने की सूचना पर पीड़ित ने उससे दोबारा अपने पैसे मांगे, लेकिन उसने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने मदनमहल थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

मदनमहल थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी ब्रजेश तिवारी द्वारा फर्जी एग्रीमेंट देकर 9 लाख रुपये हड़पने और धोखाधड़ी करने के आरोप में धारा 318 (4) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post