दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल के लालघाटी क्षेत्र स्थित एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में रविवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग एलर कॉम्प्लेक्स में संचालित भोज इन रेस्टोरेंट के किचन में लगी, जो देखते ही देखते इमारत के अन्य हिस्सों तक फैलने लगी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे पड़ोस की इमारत के एक गार्ड ने कॉम्प्लेक्स की खिड़की से धुआं निकलते देखा। शुरुआत में उसे लगा कि यह रेस्टोरेंट के किचन से निकलने वाला सामान्य धुआं है, लेकिन कुछ ही देर बाद लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
एलर कॉम्प्लेक्स में छह रेस्टोरेंट संचालित हैं। बेसमेंट में बापू की कुटिया और ग्राउंड फ्लोर पर डोमिनोज के आउटलेट सहित कई दुकानें भी मौजूद हैं। आग दूसरी मंजिल पर स्थित भोज इन रेस्टोरेंट के किचन में लगी थी, जो तीसरी मंजिल पर बना हुआ है। आग तेजी से नीचे की ओर फैलने लगी, जिससे पूरे कॉम्प्लेक्स में धुआं भर गया।
दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे दमकलकर्मी
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को आग तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों ने दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। शहर के विभिन्न हिस्सों से तीन वाटर टैंकर सहित कुल आठ दमकल वाहन मौके पर बुलाए गए।
एलपीजी सिलेंडर बने सबसे बड़ा खतरा
आग लगने के दौरान रेस्टोरेंट के किचन में रखे चार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सबसे बड़ी चिंता का कारण बने हुए थे। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मियों ने प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे संभावित विस्फोट का खतरा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिसके कारण जनहानि नहीं हुई। रेस्टोरेंट में अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध थे।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
Tags
madhya pradesh
