दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। भाजपा की ओर से उठाई गई आपत्ति के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने यह फैसला सुनाया। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
भाजपा ने आरोप लगाया था कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन पत्र में तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी छिपाई है। आपत्ति पर विचार करते हुए चुनाव पर्यवेक्षक ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था और जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय दिया गया था। जवाब के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया।
कांग्रेस ने इस फैसले को अनुचित बताते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उन्हें केवल अदालत से एक नोटिस प्राप्त हुआ था, जिसे आधार बनाकर नामांकन रद्द करना गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस फैसले को अदालत में चुनौती देगी।
इस बीच विधानसभा परिसर में नामांकन प्रक्रिया को लेकर तनावपूर्ण स्थिति भी देखने को मिली। रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष के बाहर कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच तीखी बहस तथा धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
Tags
madhya pradesh
