Jabalpur News: खाने के पैसे मांगने पर ढाबा संचालक और कर्मचारियों को लाठी-डंडों से पीटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गांधीग्राम क्षेत्र स्थित एक ढाबे में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब खाने का बिल मांगने पर कुछ बदमाशों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से की गई मारपीट में कई लोगों को चोटें आई हैं। पूरी वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधीग्राम स्थित सतना ढाबा में देर रात राज यादव अपने साथी जीत रैकवार और अन्य युवकों के साथ खाना खाने पहुंचा था। खाना खाने के बाद जब आरोपी बिना भुगतान किए वहां से जाने लगे, तो ढाबा संचालक ने उनसे खाने के पैसे मांगे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने अपने साथ मौजूद लाठी, डंडों और बेसबॉल बैट से ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। करीब 10 मिनट तक ढाबे में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बना रहा। मारपीट और तोड़फोड़ से घबराकर वहां मौजूद अन्य ग्राहक भी मौके से भाग निकले।

बताया जा रहा है कि आरोपी राज यादव और जीत रैकवार क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं, जिनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जाते-जाते आरोपियों ने ढाबा संचालक को दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post