Jabalpur News: पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद पति का शव खंडहर में फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल क्षेत्र के न्यू कंचनपुर में किराए के मकान से महिला का शव मिलने के एक दिन बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। महिला की मौत के बाद से लापता चल रहे उसके पति का शव शनिवार सुबह रांझी थाना क्षेत्र स्थित वीएफजे इस्टेट के एक खंडहरनुमा कर्मचारी क्वार्टर में बिजली के तार के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को न्यू कंचनपुर स्थित एक किराए के मकान में 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी कि किराएदार पति-पत्नी पिछले दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं और कमरे से दुर्गंध आ रही है। सूचना पर पहुंची अधारताल पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां रसोई में नेहा सिंह का शव पड़ा मिला था। शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे अंदाजा लगाया गया कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

महिला का शव मिलने के बाद उसके पति मयंक सिंह के लापता होने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ था और उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी दौरान शनिवार सुबह रांझी थाना क्षेत्र के वीएफजे इस्टेट स्थित खंडहर कर्मचारी क्वार्टर में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान मयंक सिंह पिता प्रताप सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी कंचनपुर, थाना अधारताल तथा मूल निवासी ग्राम जुगिया, थाना बड़वारा, जिला कटनी के रूप में की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार शुक्रवार शाम वीएफजे इस्टेट में एक संदिग्ध युवक घूमता हुआ सुरक्षा कर्मियों को दिखाई दिया था। उसे पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपना वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें एक सुसाइड नोट मिला था, जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी।

पुलिस ने मयंक सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अधारताल और रांझी पुलिस संयुक्त रूप से महिला की मौत और पति की आत्महत्या के बीच संबंधों की जांच कर रही है। एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतका नेहा सिंह मूल रूप से मदनमहल क्षेत्र के अमानपुर की रहने वाली थी। पहले पति की मृत्यु के बाद उसने कटनी निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। दंपती के साथ रहने वाला आठ वर्षीय मासूम बच्चा अब माता-पिता दोनों को खोने के बाद सदमे में है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post