दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के पॉश इलाके राइट टाउन में लॉ कॉलेज के नाम पर सरकारी जमीन पर किए गए कथित अवैध कब्जे के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपए मूल्य की शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर परिसर को अपने कब्जे में लेते हुए मुख्य द्वारों पर ताला जड़ दिया।
जानकारी के अनुसार नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को शिकायत मिली थी कि राइट टाउन स्थित चंचलाबाई स्कूल क्षेत्र में करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन पर लॉ कॉलेज संचालित किए जाने का दावा किया जा रहा है, जबकि वहां न तो नियमित रूप से छात्र दिखाई देते हैं और न ही शिक्षक। शिकायत के बाद कराई गई जांच में भी पाया गया कि परिसर अधिकांश समय बंद रहता है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आयुक्त के निर्देश पर संभाग क्रमांक-13 के संभागीय अधिकारी सागर बोरकर, संपदा विभाग और अतिक्रमण विरोधी दस्ते की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार चंचलाबाई स्कूल पानी की टंकी के पास स्थित डायवर्सन प्लॉट नंबर-440 एवं डायवर्सन शीट नंबर-152-सी की भूमि नगर निगम के स्वामित्व में दर्ज है।
कस्तूरबा स्कूल की भूमि पर कब्जे का आरोप
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि जिस परिसर में लॉ कॉलेज संचालित होने का दावा किया जा रहा था, वह क्षेत्र पूर्व में शासकीय कस्तूरबा स्कूल से जुड़ा हुआ था। जांच में सामने आया कि स्कूल की कुछ भूमि पर कब्जा कर लिया गया था। परिसर में कमरे तो बने हुए हैं, लेकिन वहां शैक्षणिक गतिविधियां संचालित होती नजर नहीं आईं।
सरकारी संपत्तियों की हो रही लगातार जांच
संभागीय अधिकारी सागर बोरकर ने बताया कि नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर शहर की शासकीय जमीनों पर कब्जों की लगातार जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए निगम आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।
नगर निगम का कहना है कि कब्जा मुक्त कराई गई इस बहुमूल्य भूमि का उपयोग भविष्य में जनहित के कार्यों के लिए किया जाएगा।
Tags
jabalpur
