Jabalpur News: कचरे के ढेर में मिली मानव खोपड़ी, इलाके में फैली सनसनी; जांच में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रक्षा नगर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फक्कड़ बाबा मंदिर के पास लगे कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी देखी गई। राहगीरों और स्थानीय निवासियों की नजर जैसे ही इस पर पड़ी, इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। क्षेत्रवासियों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल इसकी सूचना रांझी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मानव खोपड़ी को अपने कब्जे में लेकर मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू कर दी है।

सीएसपी रांझी सतीश साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बुधवार को रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर क्षेत्र से कचरे के ढेर में मानव खोपड़ी पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर खोपड़ी को सुरक्षित बरामद कर लिया है। चूंकि घटना स्थल और उसके आसपास केवल मानव खोपड़ी ही मिली है और शरीर का कोई अन्य हिस्सा या कंकाल वहां मौजूद नहीं था, इसलिए इस पूरे मामले की अत्यंत सूक्ष्मता और गंभीरता से जांच की जा रही है। वास्तविक कारणों और तथ्यों का पता लगाने के लिए खोपड़ी को फोरेंसिक (FSL) जांच के लिए भेजा जा रहा है।

प्रारंभिक पूछताछ और जांच में स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि इस पूरे जंगली व सुनसान इलाके में अक्सर 'कबरबिज्जू' (एक प्रकार का जंगली जीव) देखे जाते हैं। इस आधार पर पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा यह प्रबल आशंका जताई जा रही है कि कबरबिज्जू ने पास के किसी कब्रिस्तान या श्मशान घाट की कब्र को खोदकर इस खोपड़ी को निकाला होगा और उसे घसीटते हुए यहां कचरे के ढेर तक ले आए होंगे। बहरहाल, रांझी थाना पुलिस केवल इस आशंका पर निर्भर नहीं है; पुलिस मर्ग कायम कर अंधकत्ल, हत्या या तंत्र-मंत्र समेत तमाम संभावित एंगल्स को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही इस रहस्य से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post