Jabalpur News: नयागांव रामपुर में छात्र से चाकू की नोक पर लूट, मोबाइल और चांदी की चेन छीनकर फरार हुए बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित साई नगर व्ह्यू पॉइंट, नयागांव रामपुर में घूमने पहुंचे एक छात्र के साथ चार बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने छात्र का मोबाइल फोन और गले में पहनी चांदी की चेन छीन ली तथा मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, स्टेशन रोड मदनमहल निवासी आयुष नेमा (19 वर्ष) ने थाना गोरखपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्लोबल कॉलेज में बीटेक का छात्र है। वह अपने दोस्तों तनिष्क सिंह ठाकुर और साहिल श्रीवास के साथ साई नगर व्ह्यू पॉइंट, नयागांव रामपुर घूमने गया था। 

तीनों दोस्त व्ह्यू पॉइंट के पास खड़े थे, तभी वहां चार युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक ने अपने चेहरे पर सफेद गमछा बांध रखा था। आरोपी ने आयुष की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया, जबकि दूसरे युवक ने उसे पकड़कर उसका सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन और गले में पहनी चांदी की चेन छीन ली। इस दौरान अन्य दो युवकों ने उसके दोनों दोस्तों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे मौके से भागने में सफल रहे। वारदात के बाद चारों आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post