Jabalpur News: गैस सिलेंडर की किल्लत पर भड़का जनता का गुस्सा, नेशनल हाईवे-30 पर किया चक्काजाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा तहसील में गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सुविधा गैस एजेंसी के खिलाफ नाराज उपभोक्ताओं ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में उपभोक्ता हाईवे स्थित सुविधा गैस एजेंसी के बाहर एकत्र हुए और गैस वितरण में हो रही देरी के विरोध में सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे के दोनों तरफ जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी में गैस सिलेंडर के लिए 8 से 10 दिन पहले पर्ची और डायरी जमा कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। इससे आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी पर गैस की कालाबाजारी करने का भी आरोप लगाया।

आक्रोशित उपभोक्ताओं ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जनता की समस्याओं को लेकर न तो प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा है और न ही जनप्रतिनिधि उनकी सुध ले रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव के समय नेता घर-घर जाकर वोट मांगते हैं, लेकिन जनता की परेशानियों के समय नजर नहीं आते।

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। हालांकि, उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि गैस वितरण व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post