Jabalpur News: शरारती तत्व ने घर के बाहर खड़ी 3 गाड़ियों को फूंका, इलाके में दहशत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्राम रैगवां (वसंत नगर नई बस्ती) में आधी रात एक अज्ञात शरारती तत्व ने आतंक मचाते हुए घर के बाहर खड़ी तीन दोपहिया वाहनों में आग लगा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राजेश चौधरी अपने परिवार के साथ भोजन करने के बाद सो रहे थे। इसी दौरान उनके नाना राम चरण चौधरी ने बाहर आग की लपटें देखकर शोर मचाया और सभी को जगाया। परिवार के सदस्य जब बाहर पहुंचे तो देखा कि टेक सिंह अहिरवार के आंगन में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP20MT9318, घर के सामने खड़ी सीटी 100 तथा एक एक्टिवा स्कूटी धू-धू कर जल रही थीं।

आग की भीषण लपटों को देखकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। टेक सिंह अहिरवार, ममता चौधरी सहित अन्य स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।

पीड़ितों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर वाहनों में आग लगाई है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आगजनी करने वाले आरोपी की पहचान की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post