दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। राऊ थाना पुलिस ने चर्चित नवीन पाटीदार हत्याकांड में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पुरानी रंजिश और अवैध संबंधों के चलते इस सनसनीखेज हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में मृतक की पत्नी को भी पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि 12 अप्रैल को नवीन पाटीदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से विवाद और दुश्मनी चली आ रही थी।
पुलिस के अनुसार नवीन पाटीदार की हत्या के लिए दो शूटरों को 15 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। जांच में यह भी पता चला कि राहुल मराठा ने मुकेश कुमावत को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद शूटरों ने नवीन की गतिविधियों की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।
गुरुवार को पुलिस ने राहुल मराठा, शुभम और राजू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान तीनों ने हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक नवीन पाटीदार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस पूरे षड्यंत्र की कड़ियों को जोड़ने और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Tags
madhya pradesh
