Jabalpur News: रांझी में दहशत फैलाने वाले दो शातिर बदमाशों पर NSA, शुभम मिश्रा और अमन केवट पर बड़ी कार्रवाई, भेजे गए जेल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर आतंक का माहौल बनाने वाले दो आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों शातिर बदमाशों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका/NSA) के तहत सख्त कदम उठाते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया है।

 रांझी पुलिस ने सुभाष नगर निवासी शुभम मिश्रा और रक्षा नगर कॉलोनी निवासी अमन केवट के खिलाफ एनएसए का मजबूत प्रतिवेदन तैयार किया था। बता दें कि आरोपी शुभम मिश्रा एक कुख्यात और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास (307), अवैध वसूली (अड़ीबाजी), बमबाजी और अवैध हथियार रखने जैसे करीब 45 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक के माध्यम से यह प्रतिवेदन जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। मामले की गंभीरता और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर, कलेक्टर ने दोनों अपराधियों के खिलाफ तत्काल एनएसए वारंट जारी कर दिया। आदेश मिलते ही सक्रिय हुई रांझी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि शुभम और अमन की क्षेत्र में इस कदर दहशत थी कि कई बार उनके खिलाफ मामलों में गवाह सामने आने से कतराते थे, जिसके कारण इनके हौसले और बढ़ रहे थे। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र की जनता ने राहत की सांस ली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post