दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले में पिछले एक सप्ताह से महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कानों से सोने के झुमके लूटने वाली शातिर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के सरगना हिमांशु केवट सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की झुमकियां, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की महंगी रेसिंग बाइक बरामद की है।
'चेन नकली निकली, तब से सिर्फ झुमके लूटने का बनाया प्लान'
पुलिस पूछताछ में गैंग के सरगना हिमांशु केवट (21 वर्ष, निवासी भूलन चौकी, यादव कॉलोनी) ने एक बेहद हैरान करने वाला खुलासा किया। हिमांशु ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसने जबलपुर में एक महिला के गले से सोने की चेन लूटी थी। लेकिन जब वह उसे बेचने सुनार के पास पहुंचा, तो पता चला कि चेन नकली (बेनटेक्स की) थी।
इस घटना के बाद उसने चेन लूटना छोड़ दिया। उसने आसपास की महिलाओं से बातचीत और रेकी कर यह जाना कि गले की चेन तो अक्सर नकली हो सकती है, लेकिन महिलाओं के कानों के झुमके ज्यादातर असली सोने के ही होते हैं। बस फिर क्या था, उसने सिर्फ झुमका लूट को ही अपना मुख्य टारगेट बना लिया।
वारदात के लिए चुराई R15 रेसिंग बाइक, लगाते थे फर्जी नंबर प्लेट
महिलाओं के कान से झुमके झपटकर तेजी से फरार होने के लिए बदमाशों ने बाकायदा एक रेसिंग बाइक चुराई थी। पुलिस के मुताबिक, समदड़िया मॉल में ऑप्टिकल शॉप चलाने वाले जावेंद्र सिंह की न्यू आर-वन-5 (R15) बाइक बीते 27 मई को ओमती थाना क्षेत्र की पार्किंग से चोरी हुई थी।
आरोपी इसी रेसिंग बाइक पर यूपी (UP) नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर या बिना नंबर के वारदात को अंजाम देते थे। इनका मुख्य निशाना हाईवे और सुनसान रास्तों से गुजरने वाली महिलाएं होती थीं।
एक हफ्ते में इन 6 बड़ी वारदातों को दिया अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने पिछले कुछ दिनों में लगातार की गई कई वारदातों को कुबूल किया है।
20 जून (बेलबाग): उमरिया चौबे के पास रेखा बेन से रास्ता पूछने के बहाने कान की सोने की झुमकी छीनी।
24 जून (कटंगी बाईपास): सविता चौधरी का झुमका छीना, जिसमें उनका कान भी जख्मी हो गया।
24 जून (महाराजपुर): कमानिया गेट के पास आरती रजक की करीब 35 हजार रुपए की झुमकी लूटी।
26 जून (बरेला): चंद्रवती झारिया के कान से झुमका पार किया।
बरगी क्षेत्र: दुर्गा साहू का झुमका लूटा, विरोध करने और पीछा करने पर बदमाशों ने चाकू दिखाकर धमकाया।
27 जून (पनागर): ममता बर्मन के साथ चलती बाइक पर झुमका लूट की वारदात को अंजाम दिया।
अन्य लूट की वारदातों का भी हो सकता है खुलासा
शहर में लगातार हो रही इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसपी संपत उपाध्याय ने क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की थीं। पुलिस ने जब रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो सामने आया कि आरोपी अक्सर पनागर की ओर से आते हैं और हाईवे पर वारदातों को अंजाम देकर भाग जाते हैं। इसके बाद पुलिस ने हाईवे और संभावित रास्तों पर घेराबंदी सख्त कर दी।
सोमवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिलते ही पुलिस ने आनंद नगर क्षेत्र में घेराबंदी की और बाइक सवार सरगना हिमांशु केवट और उसके साथी संतोष कोरी (25 वर्ष, निवासी छत्तरपुर, पनागर) सहित दो नाबालिगों को दबोच लिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ में जिले की कई अन्य लूट की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
Tags
jabalpur



.jpeg)