दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा मध्य प्रदेश में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए नई नियुक्तियां की गई हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट अश्विनी परांजपे राजवाड़े ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष माननीय हेमंत खंडेलवाल की सहमति से प्रदेश के 21 जिलों में महिला मोर्चा की नई जिला अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
महिला मोर्चा द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, ग्वालियर जिले की कमान डॉ. करुणा सक्सेना को सौंपी गई है, जबकि जबलपुर महानगर की जिम्मेदारी श्रीमती सपना सरावगी को दी गई है। इसी तरह श्योपुर में श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ, गुना में श्रीमती रजनी ओझा, शिवपुरी में श्रीमती शैलजा लवांगीकर और अशोकनगर में श्रीमती लखन सुरेन्द्र यादव को महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महाकौशल और विंध्य क्षेत्र को साधते हुए बालाघाट में श्रीमती मीना राहांगडाले, छिन्दवाडा में श्रीमती ललिता वर्मा, कटनी में श्रीमती सपना सरावगी, शहडोल में श्रीमती आत्मिका सिंह, अनूपपुर में श्रीमती नीलम चतुर्वेदी, उमरिया में श्रीमती पार्वती ठाकुर और सीधी जिले में श्रीमती जगदंबा सोनी को मोर्चा की कमान दी गई है।
इसके अलावा, निमाड़, बुंदेलखंड और मालवा अंचल के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए बुरहानपुर में श्रीमती नम्रता यादव, बडवानी में श्रीमती सावित्री बत्रा, खरगोन में श्रीमती शीला पटेल, सागर में श्रीमती मेघा दुबे, दमोह में श्रीमती वर्षा रैकवार, आगर में श्रीमती साक्षी सकलेचा, देवास में श्रीमती मनोरमा सोलंकी तथा मंदसौर जिले में श्रीमती प्रियंका गोस्वामी को नया जिला अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट अश्विनी परांजपे राजवाड़े ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि नई नियुक्तियों से जमीनी स्तर पर महिला मोर्चा का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने में गति मिलेगी।
Tags
madhya pradesh
