दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर में आगामी मानसून और तेज बारिश की आशंका को देखते हुए नगर निगम बेहद सतर्क नजर आ रहा है। हादसों को रोकने के लिए निगम कमिश्नर के निर्देश पर शहर के खतरनाक और जर्जर हो चुके निर्माणों को जमींदोज करने का अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने छावनी क्षेत्र के मुराई मोहल्ला में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अत्यंत जर्जर मकानों को पूरी तरह से तोड़ दिया।
यह पूरी कार्रवाई नगर निगम के जोन क्रमांक 11 की टीम द्वारा अंजाम दी गई। हालांकि, घनी आबादी और संकरी गलियों वाले इस इलाके में कार्रवाई करना निगम की टीम के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हुआ।
नगर निगम के भवन व रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मुराई मोहल्ला में जिन तीन मकानों को तोड़ा गया, उनकी स्थिति बेहद खराब थी और वे कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकते थे। सुरक्षा के लिहाज से इन्हें ढहाना बेहद जरूरी था। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की मदद से इन ढांचों को गिराने का काम शुरू किया। यह पूरी कार्रवाई बिना किसी विरोध के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान टीम को कड़ी मशक्कत और अत्यधिक सावधानी बरतनी पड़ी। दरअसल, जिन जर्जर मकानों को तोड़ा जा रहा था, उनके बिल्कुल पीछे और आसपास बने अन्य मकान भी काफी पुराने थे। जरा सी लापरवाही से पड़ोसी मकानों को भी बड़ा नुकसान पहुंच सकता था और जान-माल की हानि हो सकती थी। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए निगम की टीम ने बेहद धीमी और सधी हुई गति से काम किया। जेसीबी का इस्तेमाल इस तरह किया गया ताकि आसपास की दीवारों को कोई झटका न लगे। इस एहतियात की वजह से रिमूवल टीम को काम पूरा करने में सामान्य से थोड़ा अधिक समय जरूर लगा, लेकिन किसी भी अन्य संपत्ति को आंच नहीं आई।
निगम अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले शहर के अलग-अलग इलाकों में चिन्हित किए गए सभी अति-जर्जर और खतरनाक मकानों पर इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि मानसून के दौरान किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।
Tags
madhya pradesh
