Jabalpur News: ग्वारीघाट पर मर्यादा तार-तार, नर्मदा नदी के बीचों-बीच युवक-युवती ने किया KISS; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के प्रसिद्ध गौरीघाट पर मां नर्मदा की पावन धारा के बीच एक युवक और युवती की आपत्तिजनक हरकतों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों नदी के बीच एक-दूसरे के बेहद करीब नजर आ रहे हैं। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जब युवक-युवती को सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक हरकतें करते देखा तो उन्हें नदी से बाहर आने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने लोगों की बात को अनसुना कर दिया। इसके बाद गौरीघाट पुलिस और होमगार्ड टीम को सूचना दी गई।

होमगार्ड टीम ने नदी से बाहर निकाला

सूचना मिलते ही नर्मदा में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे और दोनों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। पूछताछ में पता चला कि युवक-युवती अपने कुछ दोस्तों के साथ गौरीघाट घूमने और स्नान करने आए थे।

होमगार्ड कर्मियों ने दोनों को समझाइश देते हुए फटकार लगाई तथा उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की चेतावनी दी गई।

युवती को तैरना भी नहीं आता था

होमगार्ड जवानों के मुताबिक युवती को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद युवक उसे नदी के बीच गहरे पानी तक ले गया था। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। समय रहते दोनों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।

वायरल वीडियो से लोगों में नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि गौरीघाट आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की हरकतें न केवल अनुचित हैं बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी आहत करती हैं।

पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद कई लोगों ने प्रशासन और पुलिस से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता बनी रहे तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post