दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कुंडम थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने दो बच्चों की मां को अपनी बातों के जाल में फंसाकर करीब 5 साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने इस प्रताड़ना का विरोध करते हुए उससे दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपी उसे समाज और ससुराल में बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आखिरकार हिम्मत जुटाकर 26 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सामाजिक कार्यक्रम में हुई थी पहली मुलाकात
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि करीब 5 साल पहले वह एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। इसी कार्यक्रम के दौरान सुकेश झारिया नाम के युवक ने उसे देखा था। इसके बाद आरोपी सुकेश ने कहीं से महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उसे लगातार फोन और मैसेज कर बातचीत करने लगा। धीरे-धीरे आरोपी ने मीठी-मीठी बातें कर महिला को अपने झांसे में ले लिया।
मिलने के बहाने बुलाकर किया गलत काम
महिला का भरोसा जीतने के बाद, आरोपी सुकेश ने पिछले साल 20 अप्रैल 2025 को उसे मिलने के बहाने एक तय स्थान पर बुलाया। वहां आरोपी ने महिला की मजबूरी और विश्वास का फायदा उठाते हुए उसके साथ गलत काम किया। इस घटना के बाद भी आरोपी डरा-धमकाकर लगातार महिला का शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा।
दूरी बनाने पर दी पंचायत बुलाने की धमकी
पुलिस के अनुसार, जब पीड़िता को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर उससे दूरी बनानी चाही, तो सुकेश झारिया अपनी हदों को पार कर गया। वह महिला पर फिर से मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। जब महिला ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि वह उसके पति, सास, ससुर और गांव की पंचायत को बुलाकर उसे पूरे समाज के सामने बदनाम कर देगा।
लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार पीड़िता ने कानून का सहारा लिया। कुंडम थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी सुकेश झारिया के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
