दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बीटेक छात्र से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने छात्र की एक्टिवा रोककर उसके साथ गाली-गलौज की और करीब 6 से 7 ग्राम वजनी सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार कंचनार बरसाना कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय तुषार होतानी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह बीटेक का छात्र है। वह अपनी एक्टिवा से सदर क्षेत्र में घूमने निकला था। अमृततुल्य चाय दुकान से पेंटीनाका, सृजन चौक, यादगार चौक और मॉल रोड होते हुए वह वापस घर लौट रहा था। सीईओ बंगले से करीब 100 मीटर पहले पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और "रुको, बात करना है" कहकर उसे रोक लिया।
जैसे ही उसने एक्टिवा की रफ्तार धीमी की, आरोपियों ने बाइक उसकी गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया। पीड़ित के अनुसार एक बदमाश ने उसकी एक्टिवा की चाबी निकाल ली और गाली-गलौज करते हुए गले में पहनी सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने एक्टिवा की चाबी दूर फेंक दी। इसके बाद दोनों बदमाशों ने मिलकर उसके गले से लगभग 6 से 7 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और धक्का देकर मौके से यादगार चौक की ओर फरार हो गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों की मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं थी। कैंट थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 296(ए), 309(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
