दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के फार्मासिस्ट द्वारा फार्मेसी की छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने और बाद में शादी से मुकरने का मामला सामने आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय पीड़िता एक निजी कॉलेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रही है। नवंबर 2025 में इंटर्नशिप के दौरान उसकी मुलाकात एक निजी अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट नीरज राठौर से हुई थी। मूल रूप से अनूपपुर निवासी नीरज वर्तमान में जबलपुर के धनवंतरी नगर इलाके में रह रहा था।
अस्पताल में साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोपी नीरज ने पीड़िता को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी करने का भरोसा दिलाकर नजदीकियां बढ़ाईं।
रूममेट के जन्मदिन के बहाने बुलाया, फिर मिटाई हवस
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 13 मार्च को नीरज ने अपने रूममेट के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर उसे अपने कमरे पर बुलाया था। देर रात पार्टी खत्म होने के बाद छात्रा वहीं रुक गई। इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने जल्द शादी करने का आश्वासन दिया और मामले की शिकायत किसी से न करने की बात कही।
गर्भवती होने पर खिलाई दवाएं, अस्पताल ले जाकर कराया गर्भपात
कुछ समय बीतने के बाद जब छात्रा गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे धोखे से गर्भपात (Abortion) की दवाएं खिला दीं। दवाइयों के सेवन से जब छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी, तो आरोपी उसे इलाज के लिए घड़ी चौक स्थित एक लेडी डॉक्टर के पास ले गया। इसके बाद सोनोग्राफी कराकर धनवंतरी नगर स्थित स्काई ब्लू अस्पताल में उसका गर्भपात करवा दिया गया।
शादी से इनकार के बाद थाने पहुंची पीड़िता, मामला दर्ज
गर्भपात कराने के बाद जब छात्रा ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी नीरज राठौर अपने वादे से साफ मुकर गया और दूरी बनाने लगा। आरोपी की नीयत समझ आने पर पीड़िता ने संजीवनी नगर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।संजीवनी नगर पुलिस ने पीड़िता के बयानों और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नीरज राठौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
