रायसेन रोड पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ठेकेदार की मौत, ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल


दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल।
राजधानी भोपाल के रायसेन रोड स्थित छावनी पठार के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय पेंटिंग ठेकेदार की मौत हो गई, जबकि उनका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शेख अमजद (32) पुत्र शेख इकबाल अली, निवासी जिला रायसेन के रूप में हुई है। अमजद पेंटिंग ठेकेदारी का कार्य करते थे। शनिवार शाम वह मंडीदीप स्थित एक निर्माणाधीन साइट का निरीक्षण करने गए थे। निरीक्षण के बाद वह अपने ममेरे भाई के साथ बाइक से 11 मील बायपास होते हुए रायसेन रोड स्थित छावनी पठार की ओर लौट रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार सुबह अमजद ने दम तोड़ दिया। वहीं, उनके ममेरे भाई का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिलखिरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post