इंदौर में नशे में धुत कार सवारों ने पुलिसकर्मियों से की मारपीट, चार आरोपियों पर केस दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में देर रात शराब पीकर वाहन चला रहे कार सवार युवकों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए तीन पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी। घटना के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे कनाड़िया थाना पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान मुकाम सिंह डाबर सहित पुलिसकर्मी किशोर सावलिया, विजय यादव, रूपेंद्र भाटी, ओमप्रकाश, मुकेश और अन्य जवान ड्यूटी पर तैनात थे।

चेकिंग के दौरान कार क्रमांक MP13ZK1644 को रोककर जांच की गई। कार चालक राहुल गेहलोद निवासी कृष्ण बाग कॉलोनी शराब के नशे में मिला। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने पर उसका चालान बनाया, जिससे वह और उसके साथी भड़क गए।

आरोप है कि राहुल गेहलोद, सुभाष चौहान, आशीष और संतोष ने पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, नौकरी से निकलवाने की धमकी दी और मारपीट की। इस हमले में पुलिसकर्मी अशोक, किशोर सावलिया और विजय यादव के चेहरे और हाथ में चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मियों को अन्य स्टाफ की मदद से निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

कनाड़िया थाना पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post