दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत कॉलोनी में शराब पीने के लिए रुपये न देने पर एक युवक ने अपने ही मुंह बोले मामा पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत कॉलोनी LIC गढ़ा निवासी 32 वर्षीय सिकंदर रैकवार, जो पेशे से ड्राइवर है, ने गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सिकंदर ने बताया कि सुबह लगभग 4 बजे वह अपने घर में सो रहा था। उसी दौरान उसका मुंह बोला भांजा शैलू उर्फ शैलेंद्र कनौजिया घर पहुंचा और नींद से जगाकर शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग करने लगा।
जब सिकंदर ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी शैलू आक्रोशित हो गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी ने पास रखे चाकू से सिकंदर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिनी आंख के नीचे, कान के पास और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। गढ़ा पुलिस ने सिकंदर रैकवार की रिपोर्ट पर आरोपी शैलू उर्फ शैलेंद्र कनौजिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296(बी),118(1), 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
jabalpur
