दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी के प्रसिद्ध जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC) परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लंबे समय से बंद पड़े पुराने हॉस्टल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव कॉलेज के पुराने ओल्ड फिफ्थ हॉस्टल यानी छात्रावास क्रमांक-9 के ग्राउंड फ्लोर पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, हॉस्टल नंबर-9 लंबे समय से उपयोग में नहीं है और वर्तमान में जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है। हॉस्टल के सुनसान रहने के कारण यहां अक्सर असामाजिक तत्वों की आवाजाही की बात भी सामने आती रही है। शुक्रवार को इसी पुराने हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर एक व्यक्ति का शव दिखाई देने के बाद कॉलेज प्रशासन और छात्रों में हड़कंप मच गया। तत्काल मामले की सूचना रांझी थाना पुलिस को दी गई।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हुई
मामले की जांच करने पहुंचे रांझी थाना पुलिस के जांच अधिकारी केके पांडे ने बताया कि कॉलेज के प्राचार्य की ओर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अज्ञात व्यक्ति था और मांगकर अपना जीवन यापन करता था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर कॉलेज परिसर के आसपास घूमता रहता था। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतक के किसी घर-परिवार या परिजन की जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस को मृतक की कलाई पर पुराना चोट का निशान या नस काटने जैसा निशान भी दिखाई दिया है। हालांकि, यह निशान कब और किन परिस्थितियों में आया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्राचार्य बोले- मृतक का कॉलेज से कोई संबंध नहीं
जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव चांदोड़े ने बताया कि कॉलेज गेट पर एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर सूचना दी थी कि ओल्ड फिफ्थ हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि मृतक का कॉलेज या संस्था से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि संबंधित हॉस्टल वर्तमान में उपयोग में नहीं है और काफी समय से बंद पड़ा हुआ है।
Tags
jabalpur
