Jabalpur News: भाजपा नेत्री के घर बमबाजी करने वाला कुख्यात बदमाश प्रवीण रजक गिरफ्तार, NSA के तहत हुई कार्रवाई ; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भाजपा नेत्री संगीता बंटी रजक के घर समेत शहर के अन्य इलाकों में बमबाजी, अवैध वसूली और रंगदारी के जरिए दहशत फैलाने के आरोपी कुख्यात बदमाश प्रवीण रजक को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत वारंट जारी किया गया था। पुलिस ने उसे धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया।

32 से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, पुराना शोभापुर निवासी प्रवीण रजक के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, बमबाजी, अवैध हथियार रखने, रंगदारी, अवैध वसूली और गैंग बनाकर दहशत फैलाने सहित 32 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वर्ष 2026 में भी रांझी थाने में उसके खिलाफ छह नए मामले दर्ज किए गए हैं। भाजपा नेत्री के आवास पर बमबाजी के मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से प्रवीण रजक फरार चल रहा था।

वारदात के बाद बदल देता था ठिकाना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद शहर से बाहर फरार हो जाता था। वह नागपुर, मैहर और उज्जैन समेत अलग-अलग शहरों में छिपकर रहता था। पुलिस का आरोप है कि आरोपी बमबाजी और गुंडागर्दी के जरिए क्षेत्र में भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली और रंगदारी करता था।

NSA के तहत जारी हुआ वारंट

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का प्रतिवेदन तैयार कर जिला कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर न्यायालय से NSA के तहत वारंट जारी होने के बाद रांझी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया।


Post a Comment

Previous Post Next Post