दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में विशेष सशस्त्र बल (SAF) में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी कॉन्स्टेबल ने अपनी बेटी की बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को बुलाया, फिर उसे कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान उसका साथी पुलिसकर्मी अपने मासूम बेटे के साथ बाहर पहरा देता रहा।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी संतोष सेन (धार में पदस्थ SAF आरक्षक) पीड़िता का पड़ोसी है। उसने 22 जुलाई की शाम एक परिचित महिला के मोबाइल से छात्रा को फोन कर बेटी के जन्मदिन की पार्टी का निमंत्रण दिया।
कार में बिठाकर ले गए एमपी नगर
शाम करीब 6:30 बजे जब किशोरी लाल परेड मैदान के पास पहुंची, तो वहां संतोष सेन और उसका साथी आरक्षक जितेंद्र राजपूत (ग्वालियर में पदस्थ) कार में पहले से मौजूद थे। कार में जितेंद्र का 3-4 साल का बेटा भी बैठा था। आरोपी ने छात्रा को भरोसे में लिया और फिर उसे एमपी नगर स्थित एक मकान में ले गया, जहां उसने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान जितेंद्र राजपूत अपने बेटे के साथ बाहर मौजूद रहकर निगरानी करता रहा।
पॉक्सो एक्ट और BNS के तहत केस दर्ज
घटना के बाद बदहवास पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। परिजनों के साथ थाने पहुंची छात्रा की शिकायत पर पहले कमला नगर थाने में 'जीरो एफआईआर' दर्ज की गई, जिसके बाद मामले को जहांगीराबाद थाने स्थानांतरित किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी आरक्षकों के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Tags
madhya pradesh
