MP News: दृष्टिहीन युवक को धोखे से चिकन खिलाने का वीडियो वायरल, पंडित पुष्पेंद्र मिश्रा बोले - "भूखे को भोजन कराना पुण्य, पर अस्वस्थ दिव्यांग के साथ ऐसा छल निंदनीय"

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। चित्रकूट यात्रा के दौरान एक मानसिक रूप से अस्वस्थ और दृष्टिहीन ब्राह्मण युवक को कथित तौर पर चिकन खिलाने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने कड़ी आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पुष्पेंद्र मिश्रा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बेहद विचलित करने वाला है। उनके अनुसार, पीड़ित तुलसीदास द्विवेदी छतरपुर के निवासी हैं और चित्रकूट यात्रा पर गए थे। आरोप है कि यात्रा के दौरान भूख लगने पर उन्होंने भोजन मांगा, जिसके बाद उन्हें कथित तौर पर चिकन परोसा गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

पुष्पेंद्र मिश्रा ने कहा कि किसी भूखे व्यक्ति को भोजन कराना पुण्य का कार्य है, लेकिन किसी मानसिक रूप से अस्वस्थ और दृष्टिहीन व्यक्ति की स्थिति का कथित तौर पर फायदा उठाकर उसे क्या खिलाया जा रहा है, इसकी जानकारी दिए बिना भोजन कराना और उसका वीडियो बनाकर प्रचारित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज इस मामले की घोर निंदा करता है और इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला मामला मानता है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मामले में नाम सामने आ रहे भगवानदास अहिरवार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। समाज ने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post