MP News: घर में घुसा तेंदुआ, पलंग के नीचे बैठा; वन विभाग ने 5 घंटे के रेस्क्यू के बाद बेहोश कर मुक्की क्वारेंटाइन सेंटर भेजा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले में शुक्रवार सुबह एक तेंदुआ जंगल से भटककर गांव के एक घर में घुस गया। घर में मौजूद 65 वर्षीया वृद्धा गिदिया बाई अहिरवार ने गनीमत रही कि सूझबूझ दिखाई और तेंदुए को कमरे में बंद कर परिजनों व पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की 30 सदस्यीय टीम ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

यह घटना कान्हा टाइगर रिजर्व के सिझोरा बफर परिक्षेत्र से सटे खटोला गांव की है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे जब गिदिया बाई अहिरवार अपने आंगन में काम कर रही थीं, तब उन्हें घर के अंदर किसी जानवर के घुसने की आहट सुनाई दी। उन्होंने समझा कि कोई कुत्ता घुसा होगा, लेकिन अंदर झांकने पर तेंदुआ पलंग के नीचे बैठा दिखाई दिया। वृद्धा ने तुरंत बिना शोर मचाए बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कान्हा टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम में सिझोरा बफर के सहायक संचालक आशीष पांडे, फील्ड डायरेक्टर रविन्द्र मणि त्रिपाठी, डिप्टी डायरेक्टर अमिता केबी, रेंजर अभिषेक दुबे और वन्य जीव चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल सहित 30 कर्मचारी शामिल थे। इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बिछिया पुलिस बल भी तैनात रहा।

टीम ने सबसे पहले कमरे के अंदर तेंदुए की सटीक लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद योजना बनाकर उसे ट्रेंकुलाइज किया गया। तेंदुआ जैसे ही बेहोश हुआ, उसे स्ट्रेचर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहोश तेंदुए को विशेष वाहन के माध्यम से कान्हा के मुक्की स्थित क्वारेंटाइन सेंटर भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post