MP News: नाश्ते की दुकान संचालक से विवाद के बाद युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना टट्टा पुल के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान किसानी वार्ड निवासी करन रैकवार (26) के रूप में हुई है। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, करन उत्कृष्ट विद्यालय के पास स्थित एक नाश्ते की दुकान पर काम करता था। बुधवार को किसी बात को लेकर उसका दुकान संचालक से विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद करन मानसिक रूप से परेशान था और इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस मामले की जांच के तहत मृतक के साथ काम करने वाले लोगों और दुकान संचालक से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक के आत्महत्या करने के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post