Jabalpur News: शातिर बदमाश अभिषेक पटेल उर्फ 'छिंगा' NSA के तहत गिरफ्तार, 38 चाइना चाकू के साथ रंगे हाथ पकड़ाया था आरोपी, भेजा गया जेल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। थाना अधारताल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चाइना चाकू की अवैध खरीद-फरोख्त में लिप्त शातिर बदमाश अभिषेक पटेल उर्फ छिंगा (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है।

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान वेलकम कॉलोनी, महाराजपुर निवासी अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल के पास से 38 नग चाइना चाकू बरामद किए गए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी।
13 संगीन अपराध दर्ज, क्षेत्र में फैला रखा था खौफ

पुलिस के अनुसार, आरोपी अभिषेक पटेल वर्ष 2020 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त है। उसके खिलाफ अवैध वसूली, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अवैध हथियारों की तस्करी जैसे कुल 13 संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक कृत्यों के कारण क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था, जिससे स्थानीय लोग रिपोर्ट दर्ज कराने से भी डरते थे।

SP के प्रतिवेदन पर कलेक्टर ने जारी किया NSA वारंट

आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी (कलेक्टर) राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी के विरुद्ध NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3, सहपठित धारा 2) का गिरफ्तारी वारंट जारी किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अधारताल श्रीमती राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने एन.एस.ए. वारंट तामील कराते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करवा दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post