CJP प्रदर्शन का 36वां दिन: अभिजीत दीपके को टाइफाइड, जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी; सरकार से आज तीसरे दौर की वार्ता

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। पेपर लीक के खिलाफ चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन का शनिवार को 36वां दिन है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। इसके बावजूद आंदोलन जारी है और प्रदर्शन स्थल पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी हुई है।

संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार देर रात जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी। कई स्थानों पर बैरिकेड्स को वेल्डिंग कर स्थायी रूप से जोड़ा गया है। पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है।

CJP और केंद्र सरकार के बीच शनिवार दोपहर 3:30 बजे तीसरे दौर की बातचीत होने की संभावना है। पार्टी का कहना है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सरकार का रुख स्पष्ट होने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यदि इस्तीफा नहीं होता है तो बातचीत का कोई औचित्य नहीं रहेगा।

पार्टी ने दावा किया है कि सरकार ने आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को ₹1-1 करोड़ मुआवजा देने और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने पर सहमति जताई है। हालांकि, इस पर सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन से जुड़े मामलों में अब तक करीब 15 एफआईआर दर्ज की गई हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 18 डीसीपी तैनात किए गए हैं। पुलिस आज दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी।

दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा कारणों से शनिवार सुबह से अगले आदेश तक 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए मेडिकल कैंप, हेल्प डेस्क और अन्य सुविधाएं भी संचालित की जा रही हैं।

देशभर में भी आंदोलन का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना, भोपाल समेत 15 से अधिक राज्यों के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं, जबकि कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post