पेपर लीक विवाद: राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग दोहराते हुए कहा कि केवल मंत्रालय बदलना स्वीकार्य नहीं होगा।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं—शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए, प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों पर हुए कथित हमले के लिए माफी मांगें।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के साथ छात्र संगठन AISA की छात्राएं भी मौजूद थीं, जिन्होंने जंतर-मंतर पर 23 दिनों तक भूख हड़ताल की थी। राहुल ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि वे देश के भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं और अपनी मांगों के लिए डटे हुए हैं।

इससे पहले शुक्रवार को राहुल गांधी ने एक घायल छात्र को मीडिया के सामने लाकर प्रदर्शन के दौरान लगी चोटें दिखाई थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया।

वहीं, प्रदर्शन के दौरान घायल छात्र साहिल लोचाब के परिवार का कहना है कि उनकी दाहिनी आंख की रोशनी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है और डॉक्टरों ने उसके पूरी तरह लौटने की संभावना बेहद कम बताई है।

पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर छात्रों की अनदेखी का आरोप लगा रहा है, जबकि सरकार की ओर से अब तक इन आरोपों पर अलग-अलग स्तर पर प्रतिक्रियाएं दी गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post