दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना पुलिस ने देवास पुलिस लाइन में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल राहुल शर्मा के खिलाफ महिला कॉन्स्टेबल की शिकायत पर छेड़छाड़, धमकी, मारपीट और बंधक बनाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था, लगातार फोन कर शादी का दबाव बना रहा था और आत्महत्या की धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान कर रहा था।
महिला कॉन्स्टेबल ने बताया कि दोनों की पहचान देवास में पदस्थापना के दौरान हुई थी। बाद में राहुल शर्मा लगातार फोन कर परेशान करने लगा। इससे परेशान होकर उसने देवास से इंदौर तबादला करा लिया, लेकिन आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से फोन करना और पीछा करना जारी रखा।
शिकायत के अनुसार, एक दिन आरोपी ने बाणगंगा क्षेत्र में जबरन महिला को अपनी कार में बैठा लिया, मोबाइल छीन लिया और शादी का दबाव बनाया। विरोध करने पर कार लॉक कर उसे बंधक बना लिया तथा मारपीट की। इसी दौरान महिला ने अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी कार लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद महिला कॉन्स्टेबल ने वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत दी। बाणगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
