दमोह : पुलिस हिरासत से झोलाछाप डॉक्टर फरार, तीन पुलिसकर्मी निलंबित

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। जिले के रनेह थाना से पुलिस हिरासत में रखा गया एक आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जबकि थाना प्रभारी और विवेचक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।

फरार आरोपी की पहचान बमनपुरा निवासी 35 वर्षीय लीलाधर चौधरी के रूप में हुई है, जो झोलाछाप डॉक्टर है। उस पर दो महीने पहले गलत इलाज के कारण एक नाबालिग बच्ची की मौत होने का आरोप है। मामले में परिजनों के विरोध के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और मेडिकल काउंसिल एक्ट की धारा 24 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे लीलाधर चौधरी रनेह थाना से पुलिस हिरासत से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में भी वह भागता हुआ दिखाई दिया है। उसके खिलाफ अब पुलिस हिरासत से फरार होने का एक और मामला दर्ज किया गया है।

एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि हेड कांस्टेबल मेजर (एचसीएम) शिवराज सिंह, ड्यूटी ऑफिसर केवल नारायण मिश्रा और बंदी सुरक्षा में तैनात आरक्षक श्रीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, थाना प्रभारी चंदन सिंह और विवेचक एएसआई मुफीस अहमद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post