दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ जबलपुर के चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल ने बड़ा फैसला लिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश उपाध्याय को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मतदान के दौरान हुआ था विवाद
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के दौरान कथित अनियमितताओं और फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया था। मामला बढ़ने के बाद तत्कालीन मुख्य चुनाव अधिकारी जीएस ठाकुर ने चुनाव प्रक्रिया रद्द कर दी थी। इसके बाद उन्होंने चुनाव अधिकारी के पद से इस्तीफा भी दे दिया था।
7 सदस्यीय तदर्थ समिति गठित
मामले को लेकर मध्य प्रदेश स्टेट बार काउंसिल की आपात बैठक में जिला अधिवक्ता संघ के संचालन और आगामी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 7 सदस्यीय तदर्थ समिति गठित की गई है। समिति में प्रहलाद चौधरी को संयोजक और राजकुमार दुबे को सह-संयोजक बनाया गया है। वहीं संपूर्ण तिवारी, सुनील चौबे, अभय सिंह ठाकुर, प्रवीण चतुर्वेदी और अरविंद कुमार चौधरी को सदस्य नियुक्त किया गया है।
निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी
नवनियुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दिनेश उपाध्याय को निष्पक्ष, पारदर्शी और विवाद-मुक्त तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब 28 जुलाई को होने वाले चुनाव पर जिला अधिवक्ता संघ के सदस्यों की नजर रहेगी। पिछले चुनाव में हुए विवाद के बाद इस बार चुनाव प्रक्रिया को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की उम्मीद है।
Tags
jabalpur
