दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में मॉडीफाइड साइलेंसर और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चल रही सख्ती के बीच गुरुवार रात बलदेवबाग चौराहे पर एक बुलेट सवार युवक को पुलिस से बहस करना भारी पड़ गया। वाहन चेकिंग के दौरान तेज आवाज वाले प्रतिबंधित मॉडीफाइड साइलेंसर लगी बुलेट को रोकने पर युवक ने पुलिस से विवाद और अभद्रता की। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वाहन सहित थाने पहुंचा दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लॉर्डगंज पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे बलदेवबाग चौराहे पर नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज आवाज करने वाले मॉडीफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल वहां से गुजर रही थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ शुरू की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान युवक ने सहयोग करने के बजाय बहस शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया, जिससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।पुलिस के मुताबिक, बुलेट चालक की पहचान भावेश रजक (18 वर्ष), पिता राजकुमार रजक, निवासी संगम कॉलोनी, उखरी चौकी के पास, कोतवाली थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। उसकी बुलेट मोटरसाइकिल का पंजीयन क्रमांक MP 20 NM 1332 है।
लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि युवक से वाहन में लगे अवैध मॉडीफाइड साइलेंसर के संबंध में पूछताछ की जा रही थी, लेकिन उसने सहयोग करने के बजाय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों से अनावश्यक बहस शुरू कर दी। उसे शांत करने और समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह आक्रामक बना रहा।युवक के असहयोगपूर्ण और आक्रामक रवैये को देखते हुए पुलिस उसे वाहन सहित लार्डगंज थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के मामले में उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडीफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और सड़क पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
देखे वीडियो 👇


