Jabalpur News: रांझी थाना क्षेत्र में चले चाकू, दो घायल; जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश मौके से फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये नहीं देने पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर दो लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उमरिया डिरहा, मझौली निवासी 42 वर्षीय पंजी कोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका साला अनिल कोल रांझी के बड़ा पत्थर क्षेत्र में रहता है और उसका उपचार विक्टोरिया अस्पताल में चल रहा है। वह 7 जुलाई की शाम साले से मिलने के बाद रात में उसके घर रुका था।

रात करीब 9:30 बजे वह बीड़ी लेने रतन पान दुकान गया था। लौटते समय कुलिया के पास वीरेन्द्र कोल और सुक्कू कोल शराब पीते मिले। आरोप है कि दोनों ने खुद को क्षेत्र का गुंडा बताते हुए शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, वीरेन्द्र कोल ने चाकू से हमला कर पंजी कोल की दाहिनी आंख के पास चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने आए अनिल कोल के दामाद शंकर गोटिया पर भी सुक्कू कोल ने चाकू से हमला कर उसके दाहिने हाथ में घायल कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

रांझी थाना पुलिस ने शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post