दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय का सख्त रुख देखने को मिला। बैठक के दौरान लंबित अपराधों, साइबर ठगी, महिला अपराध, गुमशुदगी, मर्ग और वारंटों की समीक्षा करते हुए एसपी ने कई थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, अनु बेनीवाल, जितेंद्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, अंजना तिवारी, सूर्यकांत शर्मा, अखिलेश तिवारी सहित सभी सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने धोखाधड़ी, साइबर अपराध, चिटिंग, संपत्ति संबंधी अपराध, लंबित मर्ग, गुम इंसान और गंभीर मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, उनमें तेजी लाते हुए जल्द आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा चोरी गई संपत्ति की बरामदगी पर विशेष ध्यान दिया जाए।
एसपी ने विशेष रूप से गुम हुए नाबालिग बच्चों की दस्तयाबी के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता बरतने और ऐसे मामलों की विवेचना शीघ्र पूरी कर समय पर न्यायालय में चालान पेश करने पर भी जोर दिया।
थानों में दिखनी चाहिए पुलिस की मौजूदगी
बैठक में एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी दिखाई देनी चाहिए। पुलिस वाहन लगातार गश्त करें और व्यस्त बाजारों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाई जाए, ताकि आम लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीएनएस में सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर दर्ज करने तथा सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों का डेटा इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस में अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
एक सीएसपी को भी लगाई फटकार
बैठक के दौरान एक सीएसपी की कार्यप्रणाली पर भी एसपी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्यशैली में तत्काल सुधार करें और किसी प्रकार का संरक्षण देकर या संरक्षण में रहकर पुलिसिंग करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। जब संबंधित अधिकारी ने अपनी सफाई देने का प्रयास किया तो एसपी ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी है और अब सफाई देने की आवश्यकता नहीं है।
फरार आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश
एसपी ने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, समन और वारंट की समय पर तामीली सुनिश्चित करने तथा लंबित गंभीर अपराधों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रत्येक अधिकारी को पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
बैठक के बाद पुलिस महकमे में पूरे दिन एसपी के सख्त तेवर चर्चा का विषय बने रहे। सूत्रों के अनुसार, कई थाना प्रभारी बिना किसी से बातचीत किए सीधे अपने-अपने थाना क्षेत्रों के लिए रवाना हो गए। पुलिस अधिकारियों के बीच यह चर्चा भी रही कि इस बार समीक्षा बैठक में एसपी ने क्षेत्रीय पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों को लेकर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब लापरवाही पर किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
Tags
jabalpur


.jpeg)